रायबरेली। जिले के जगतपुर में शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, रायबरेली की जगतपुर शाखा की ओर से सहकारिता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ब्लॉक प्रमुख जगतपुर श्री दल बहादुर सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। गोष्ठी का उद्देश्य भारत सरकार की 'सहकार से समृद्धि योजना' के अंतर्गत संचालित योजनाओं, सहकारिता के विकास एवं सुदृढ़ीकरण को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, रायबरेली के अध्यक्ष श्री विवेक विक्रम सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में बैंक के संचालक श्री अमरेश सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर प्रतीक चिह्न भेंट करके सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि विवेक विक्रम सिंह ने उपस्थित समिति अध्यक्षों, सहकारिता से जुड़े पदाधिकारियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं किसानों का अभिनंदन करते हुए कहा कि भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित सहकार से समृद्धि योजना के माध्यम से जनपद के सभी कृषक सदस्यों को बी-पैक्स के माध्यम से लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने समितियों के माध्यम से सरकारी योजनाओं को धरातल पर लागू करने तथा किसानों तक उनका लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ब्लॉक प्रमुख दल बहादुर सिंह ने समितियों को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को समय से खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के लिए समितियों को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए, जिससे किसानों को कृषि कार्यों में परेशानी न हो।
जिला संयोजक सहकारिता प्रकोष्ठ एवं भूमि विकास बैंक रायबरेली के अध्यक्ष श्री देवेंद्र बहादुर सिंह ने भी सहकारिता गोष्ठी में उपस्थित समिति अध्यक्षों का स्वागत किया। उन्होंने सहकार से समृद्धि योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला।
बैंक के उप महाप्रबंधक श्री रामानंद दुबे ने बी-पैक्स अध्यक्षों एवं सचिवों को बैंकिंग योजनाओं से जोड़ने तथा उनकी प्राथमिकता के आधार पर किसानों को लाभान्वित करने की बात कही।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता जनपद रायबरेली श्री विवेक सिंह ने बी-पैक्स में सीएससी की प्रगति की समीक्षा, भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड की सदस्यता, अल्पकालीन एवं दीर्घकालीन ऋण तथा बी-पैक्स के माध्यम से छोटे किसानों को ऋण वितरण कर लाभान्वित करने की योजनाओं की जानकारी दी।
गोष्ठी में जिला पंचायत सदस्य श्री राकेश राना, श्री बृजेंद्र सिंह, श्री वीरेंद्र बहादुर सिंह, श्री राजेंद्र सिंह, श्री समर बहादुर सिंह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, सहकारिता विभाग के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, समिति अध्यक्ष, सचिव एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन श्री दीपु सिंह द्वारा किया गया। गोष्ठी में सहकारिता व्यवस्था को मजबूत बनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने का संदेश दिया गया ।
रिपोर्ट: तरुन पटेल । समाज तक न्यूज़ रायबरेली