खीरों थानाक्षेत्र के खरगापुर में फरसा लेकर खुलेआम घूम रहे दबंग के आगे पुलिस नतमस्तक हो गई और बैरंग लौट आई। आरोपी रविवार देर शाम छत पर चढ़कर धमकी दे रहा था। पीड़ित व सीआरपीएफ के रिटायर्ड इंस्पेक्टर सुरेश शुक्ला को जान से मारने की नीयत से फरसा लेकर दौड़ाया गया और उनकी वैगन-आर कार तोड़ दी गई।
बताया जा रहा है कि पांच दिन पहले भी आरोपी बड़े उर्फ राजेंद्र शुक्ला ने पीड़ित को फरसा लेकर दौड़ाया था। तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही से किसी भी वक्त कोई बड़ी अप्रिय घटना हो सकती है। गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने उच्चाधिकारियों से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।