प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों ने 17 माह से मानदेय न मिलने के विरोध में शुक्रवार सुबह 10 बजे से कामकाज ठप कर दिया। सतांव, हरचंदपुर, लालगंज, खीरों, सरेनी और बछरावां, अमावाँ समेत जिले के सभी 18 विकास खंडों में ऑपरेटरों ने कार्य बहिष्कार कर संबंधित खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से ऑपरेटरों ने अवगत कराया कि वे कई वर्षों से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और अन्य शासकीय कार्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी से कर रहे हैं। इसके बावजूद पिछले 17 महीनों से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। लंबे समय से वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ऑपरेटरों ने चेतावनी दी है कि जब तक बकाया मानदेय का भुगतान नहीं होता, उनका विरोध जारी रहेगा।