रायबरेली। जनपद के सरेनी थाना क्षेत्र में गेगासो गंगा पुल के पास लखनऊ-फतेहपुर हाईवे किनारे जंगल में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बुजुर्ग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका हुआ मिला। जंगल की ओर गए स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सरेनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र करीब 60 वर्ष बताई जा रही है। बुजुर्ग का पहनावा देखने में किसी व्यापारी जैसा प्रतीत हो रहा है, हालांकि काफी प्रयास के बावजूद फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर अपने कब्जे में ले लिया है। घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या और आत्महत्या समेत विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल शव की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मौके पर सरेनी थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम मौजूद रही।
रिपोर्ट : तरुन पटेल । समाज तक रायबरेली