कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भक्तों ने लगाई आस्था की डुबकी
परियावां। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कालाकांकर और नवाबगंज क्षेत्र के सोनामऊ गंगा घाट पर सुबह से ही स्नान करने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे महिला, पुरुष और बच्चों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
गंगा घाट पर स्नान और पूजा-अर्चना का सिलसिला सुबह से ही चलता रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नवाबगंज थाना अध्यक्ष मनोज कुमार तोमर के निर्देश पर घाटों और आसपास के स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों सहित पुलिस के जवानों की तैनाती की गई थी।
पुलिसकर्मी लगातार श्रद्धालुओं को सतर्क करते रहे और गहरे पानी में न जाने की अपील करते रहे, ताकि स्नान के दौरान किसी प्रकार की अनहोनी न हो। पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी गई।