रायबरेली 17 नवंबर 2026। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन तथा जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायबरेली सैयद माऊज बिन आसिम के दिशा-निर्देशन में आगामी 12 दिसंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने तथा न्यायालयों में लंबित अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, समस्त सिविल जज (वरिष्ठ श्रेणी), अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं सिविल जज (कनिष्ठ श्रेणी) के न्यायालयों में लंबित मामलों के निस्तारण की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों, लंबित मामलों को चिह्नित करने तथा अधिकाधिक मामलों को आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारित कराने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश सैयद माऊज बिन आसिम ने की। उन्होंने उपस्थित न्यायिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को त्वरित एवं सुलभ न्याय मिल सके। उन्होंने पिछली लोक अदालत की सफलता को दोहराने तथा आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों पर विशेष जोर दिया। इस दौरान अधिकारियों ने भी अपने-अपने सुझाव साझा किए।
बैठक में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनिशा ने उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में न्यायालयों में लंबित मामलों के अधिकाधिक निस्तारण का अनुरोध किया। उन्होंने आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत एवं विशेष लोक अदालत को सफल बनाने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में नोडल अधिकारी लोक अदालत प्रतिमा सहित न्यायिक मजिस्ट्रेटगण उपस्थित रहे। बैठक के माध्यम से आगामी 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को गति देने तथा अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण कर आम नागरिकों को सुलभ न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक रणनीति पर चर्चा की गई।
रिपोर्ट: तरुन पटेल । समाज तक रायबरेली