गरीब कुम्हार को 1 करोड़ से ज्यादा का GST नोटिस, सिस्टम पर उठे गंभीर सवाल
हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां मिट्टी के बर्तन बनाकर किसी तरह परिवार का पेट पालने वाले एक गरीब कुम्हार को एक करोड़ 25 हजार 297 रुपये का GST नोटिस थमा दिया गया। नोटिस मिलने के बाद परिवार सदमे में है और गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
मामला जनपद रायबरेली के ब्लॉक हरचंदपुर अंतर्गत जोहवाशर्की गांव का बताया जा रहा है। जिस परिवार की आमदनी मिट्टी के दीये, घड़े और बर्तन बेचकर होती हो, उस पर करोड़ों रुपये का टैक्स थोप दिया जाना लोगों को समझ नहीं आ रहा।
पीड़ित परिवार का कहना है कि उसने कभी कोई बड़ा व्यापार नहीं किया और न ही ऐसा कोई लेन-देन किया जिससे करोड़ों का टैक्स बन सके। ऐसे में यह नोटिस उनके लिए किसी आफत से कम नहीं है। परिवार के सामने अब रोजी-रोटी के साथ-साथ कानूनी परेशानी भी खड़ी हो गई है।
इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्रीय विधायक राहुल लोधी ने प्रशासन और व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जो परिवार मिट्टी के बर्तन बनाकर गुजारा करता है, उस पर करोड़ों का नोटिस देना सीधे तौर पर सिस्टम की लापरवाही को दिखाता है। अगर किसी स्तर पर गलती हुई है तो उसकी जिम्मेदारी गरीब क्यों उठाए।
विधायक ने साफ कहा कि वे पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और इस अन्याय को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि मामले की जांच कराई जाए और यदि नोटिस गलती से जारी हुआ है तो उसे तुरंत वापस लिया जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना आम आदमी की हालत को उजागर करती है, जहां एक तरफ सरकार गरीबों के उत्थान की बात करती है और दूसरी तरफ गरीब कुम्हार को करोड़ों का टैक्स नोटिस भेज दिया जाता है।
अब सबकी निगाहें प्रशासन और GST विभाग पर टिकी हैं कि इस मामले में क्या कार्रवाई होती है और गरीब परिवार को राहत मिलती है या नहीं।
✍️ रिपोर्ट – अखिलेश कुमार
ब्लॉक हरचंदपुर, रायबरेली
समाज तक

