👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आकाशीय बिजली का कहर: खीरो क्षेत्र में भाई-बहन की दर्दनाक मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

रायबरेली/खीरो | समाज तक न्यूज़

रायबरेली जनपद के खीरो थाना क्षेत्र अंतर्गत सराय महमूद गांव में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के दो मासूम भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, सात वर्षीय अभी और पांच वर्षीय अंजली अपनी मां कांति के साथ खेत पर धान की बेड़न देखने जा रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। दोनों मासूम इसकी चपेट में आ गए, जबकि मां कुछ दूरी पर होने के कारण सुरक्षित बच गईं।

परिजन तत्काल दोनों बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खीरो लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों बच्चों की असामयिक मौत से गांव के साथ-साथ विद्यालय में भी शोक का माहौल है।

बताया जा रहा है कि बच्चों के पिता विजय कुमार रोज़गार के सिलसिले में लुधियाना में निजी नौकरी करते हैं। घर पर पत्नी कांति, दोनों बच्चे और एक वर्षीय छोटा बेटा अंकुश रहते थे। एक पल में इस परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।

सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

समाज तक न्यूज़ शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है तथा ईश्वर से दिवंगत मासूमों की आत्मा की शांति और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता है।

Samaj Tak
Author: Samaj Tak

Leave a Comment