👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पत्रकार ने लगाए मारपीट के आरोप, बछरावां पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार

रायबरेली। बछरावां थाना क्षेत्र से पुलिस और एक मान्यता प्राप्त पत्रकार के बीच हुए विवाद का मामला सामने आया है। ग्राम कोरिहर निवासी राजकुमार ने पुलिस अधीक्षक रायबरेली को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि 12 जून 2026 की रात 112 पुलिस एवं थाना पुलिस द्वारा उनके साथ मारपीट और अभद्रता की गई। मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।

वहीं, समाज तक के संपादक विजय प्रताप सिंह ने मामले में थाना प्रभारी बछरावां से बातचीत कर पुलिस का पक्ष भी जाना।

थाना प्रभारी ने बताया कि संबंधित व्यक्ति देर रात शराब के नशे में था और पीआरबी (112) कर्मियों से गुरुबक्शगंज तक छोड़ने की जिद कर रहा था। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पुरुषों को इस प्रकार घर छोड़ने की कोई व्यवस्था नहीं है। समझाने के बावजूद संबंधित व्यक्ति पुलिसकर्मियों से बहस और अभद्रता करने लगा, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उसे थाने लाया गया।

थाना प्रभारी के अनुसार, संबंधित व्यक्ति का उसी रात मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसकी रिपोर्ट में उसके नशे में होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि किसी प्रकार की अनावश्यक मारपीट नहीं की गई। अगले दिन स्थानीय लोगों और संभ्रांत व्यक्तियों की सिफारिश पर संबंधित व्यक्ति से लिखित आश्वासन लिया गया कि भविष्य में वह इस प्रकार का व्यवहार दोबारा नहीं करेगा, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया।

फिलहाल, शिकायतकर्ता ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस ने आरोपों को निराधार बताते हुए अपना पक्ष रखा है। मामले की सत्यता और वास्तविक परिस्थितियां सक्षम अधिकारियों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।

समाज तक अपने पाठकों के समक्ष दोनों पक्षों का तथ्यात्मक पक्ष प्रस्तुत कर निष्पक्ष पत्रकारिता के सिद्धांतों का पालन कर ता है।

Samaj Tak
Author: Samaj Tak

Leave a Comment