👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिजली विभाग ने जारी की बरसात के मौसम में सुरक्षा एडवाइजरी, आमजन से सावधानी बरतने की अपील

रायबरेली। बरसात के मौसम को देखते हुए बिजली विभाग ने आमजन के लिए महत्वपूर्ण सुरक्षा संदेश जारी किया है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान बिजली से जुड़े किसी भी संभावित हादसे से बचने के लिए निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करें।

बिजली विभाग के अनुसार, बिजली जाने के तुरंत बाद विभाग में फोन करने के बजाय कम से कम 10 मिनट तक इंतजार करें, क्योंकि कई बार तकनीकी कारणों से आपूर्ति स्वतः बहाल हो जाती है।

विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में नागरिकों से कहा गया है कि बिजली के खंभों को छूने से बचें, उनके पास पशुओं को न बांधें और बिजली लाइनों के नीचे किसी भी प्रकार का कार्यक्रम या निर्माण कार्य न करें। खेतों में लगे बिजली के खंभों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा यदि किसी खंभे में स्पार्किंग दिखाई दे तो तत्काल संबंधित फीडर इंचार्ज, लाइनमैन या उपकेंद्र को सूचना दें।

साथ ही बारिश के दौरान यदि किसी खंभे के आसपास पानी भरा हो और स्पार्किंग हो रही हो तो उस रास्ते से गुजरने से बचें तथा अन्य लोगों को भी सतर्क करें। यदि बिजली के तार किसी पेड़ के संपर्क में हों तो उस पेड़ पर चढ़ने से भी बचने की सलाह दी गई है।

विभाग ने ट्रांसफार्मर एवं हाईटेंशन लाइनों पर कपड़े सुखाने, डंडे या अन्य वस्तुएं डालने जैसी लापरवाही से बचने की अपील की है। इसके अलावा बड़े वाहनों की छत पर यात्रा न करने, ढीले या टूटे हुए बिजली के तार दिखने पर तुरंत सूचना देने तथा बिजली के खंभों के आसपास अतिक्रमण न करने की भी सलाह दी गई है।

घरेलू सुरक्षा के लिए विभाग ने अच्छी गुणवत्ता के विद्युत उपकरण, स्विच, एमसीबी और ईएलसीबी के उपयोग पर जोर दिया है। साथ ही घर की बिजली फिटिंग में अर्थिंग अनिवार्य रूप से कराने और सभी उपकरणों को सुरक्षित विद्युत प्रणाली से जोड़ने की सलाह दी गई है।

बिजली विभाग ने कहा है कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर बड़े हादसों से बचा जा सकता है। बारिश के मौसम में किसी भी प्रकार की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए सभी नागरिक सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत बिजली विभाग को दें।

✍️ समाज तक न्यूज़

www.samajtak.com⁠

Samaj Tak
Author: Samaj Tak

Leave a Comment