👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर : राकेश प्रताप सिंह

सतांव (रायबरेली)।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संगठनकर्ता एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्य स्मृति में आयोजित पं. दीनदयाल उपाध्याय अंतर्जनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन-5 का शुभारंभ बुधवार को किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि शिवगढ़ के राजा राकेश प्रताप सिंह ने फीता काटकर किया।

इस अवसर पर राजा राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अनेकों ऐसी प्रतिभाएं मौजूद हैं जो संसाधनों के अभाव में आगे नहीं बढ़ पातीं। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं उन छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच किशनखेड़ा (उन्नाव) और उत्तरी अमेठी की टीमों के बीच 15-15 ओवर का खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तरी अमेठी की टीम ने निर्धारित ओवरों में शानदार प्रदर्शन किया। टीम के बल्लेबाज किशन तिवारी ने मात्र 53 गेंदों में विस्फोटक अंदाज में 130 रनों की पारी खेलते हुए टीम का स्कोर 218 रन तक पहुंचाया। टीम ने विशाल लक्ष्य खड़ा किया।

219 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी किशनखेड़ा उन्नाव की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। किशनखेड़ा की ओर से युवी केफ और तालिब अब्बास ने तेज गेंदबाजी करते हुए बल्लेबाजों को टिकने का मौका नहीं दिया। पूरी टीम 11.4 ओवर में 115 रन पर ऑलआउट हो गई। इस प्रकार उत्तरी अमेठी की टीम ने यह मुकाबला आसानी से जीत लिया।

मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी किशन तिवारी को 130 रन और 4 विकेट लेने के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मुख्य अतिथि राजा राकेश प्रताप सिंह द्वारा प्रदान किया गया।

प्रतियोगिता के आयोजन पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख उमेश प्रताप सिंह एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने मुख्य अतिथि का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, भोलेन्द्र सिंह, मनोज शर्मा (लाले), राम सिंह, आशीष सिंह, डॉ. अमरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं ग्रामीण दर्शक मौजूद रहे।

गौरतलब है कि आयोजक उमेश प्रताप सिंह द्वारा विगत वर्ष राजस्थान के दौसा जिले में हुई सड़क दुर्घटना में दिवंगत अपने प्रिय मित्र राकेश सिंह एवं सुशील सिंह की स्मृति को जीवंत रखने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता का नाम “स्वर्गीय राकेश सिंह व सुशील सिंह स्मारक ग्रामीण स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता” रखा गया है।

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का पहला मैच गुरुवार को सुबह बरदर और पासीपुरसी की टीमों के बीच खेला जाएगा। प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं, जिससे ग्रामीण अंचलों में खेल के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा।

Samaj Tak
Author: Samaj Tak

Leave a Comment