👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


लालगंज क्षेत्र स्थित रेल कोच फैक्ट्री से डंपरों द्वारा मिट्टी ढुलाई का कार्य इन दिनों आम जनता के लिए गंभीर समस्या बनता जा रहा है। रेल कोच फैक्ट्री से मिट्टी लेकर डंपर लालगंज बाईपास के नीचे निर्माणाधीन रेलवे ट्रैक में डाली जा रही है, लेकिन ये डंपर बाल्हेमऊ नहर के पास लगने वाले बाजार से होकर गुजरते हैं, जिससे पूरे बाजार क्षेत्र में धूल का गुबार उड़ता रहता है।
उड़ती धूल के कारण बाजार में दुकान लगाने वाले दुकानदारों के साथ-साथ आम राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सब्जी की दुकान लगाने वाले शिव बरन कुशवाहा उर्फ काका ने बताया कि डंपरों से उड़ने वाली धूल उनकी सब्जियों को पूरी तरह खराब कर रही है, जिससे उनका नुकसान हो रहा है।
वहीं फल का ठेला लगाने वाले मनीष साहू का कहना है कि ओवरलोड डंपर बाजार से गुजरते हैं, जिससे न सिर्फ धूल उड़ती है बल्कि सड़क पर चलना भी मुश्किल हो जाता है। बाजार में फास्ट फ्रूट की दुकान चलाने वाले विष्णु कुशवाहा ने बताया कि यदि रोड पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाए तो समस्या काफी हद तक कम हो सकती है, लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें यह तक नहीं पता कि मिट्टी कहां से लाई जा रही है और कहां डाली जा रही है, लेकिन इसका खामियाजा दुकानदारों को भुगतना पड़ रहा है।
इस समस्या को लेकर दुकानदारों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। जब इस पूरे मामले पर संबंधित अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई तो कोई भी अधिकारी यह बताने को तैयार नहीं हुआ कि मिट्टी की खुदाई कहां हो रही है, कहां डाली जा रही है और इसके लिए किस स्तर से अनुमति ली गई है।
मामले में रेल कोच फैक्ट्री के पीआरओ अनिल कुमार श्रीवास्तव से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठ सका, जिससे पक्ष नहीं मिल पाया।

Samaj Tak
Author: Samaj Tak

Leave a Comment