
हरदोई जनपद के गजराज सिंह इंटर कॉलेज टिकारी में बसंत पंचमी एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज प्रबंधक श्री आर.बी. सिंह तोमर एवं बबलू सिंह द्वारा मां सरस्वती एवं मां गोवर्धनी की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम अत्यंत मनमोहक एवं सराहनीय रहा, जिसे उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान प्रबंधक द्वारा विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के साथ संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
वहीं विद्यालय के अध्यापकों ने विद्यार्थियों को नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन, संघर्ष और देशभक्ति से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंगों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे तथा बड़ी संख्या में अभिभावकगण भी मौजूद रहे।
यह आयोजन विद्यार्थियों में सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय चेतना जागृत करने वाला सिद्ध हुआ।

