
।
जनपद रायबरेली के थाना क्षेत्र गुरबक्श गंज अंतर्गत ग्राम शिवलहा, ग्राम पंचायत कृष्ण पुर ताला में कल्लू यादव के खेत के सामने सई नदी में एक अज्ञात शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों के अनुसार शव उन्नाव जनपद की ओर से बहता हुआ सई नदी के रास्ते यहां तक पहुंचा बताया जा रहा है। प्रथम दृष्टया परिस्थितियों को देखते हुए डूबकर मृत्यु होने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत एवं जांच कार्य शुरू किया। इस दौरान गुरबक्श गंज थाने में तैनात सिपाही राहुल सिंह की भूमिका बेहद सराहनीय रही, जिन्होंने कड़ाके की ठंड और ठंडे पानी की परवाह किए बिना तुरंत कपड़े उतारकर नदी में छलांग लगाई और शव को बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई।
घटनास्थल पर समाज तक मीडिया टीम की मौजूदगी के साथ पुलिस व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद रही। फिलहाल स्थिति सामान्य है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, साथ ही मृतक की पहचान व घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
(समाज तक मीडिया | रायबरेली)

