ग्राम पंचायत पहाड़पुर कासो में फर्जी बिल–वाउचर से भुगतान का आरोप, होगा बड़ा खुलासा
रायबरेली (हरचंदपुर):
ब्लॉक हरचंदपुर की ग्राम पंचायत पहाड़पुर कासो में राजस्व मद के नाम पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है। सूत्रों के अनुसार पंचायत में बिना विधिवत प्रक्रिया और बिना वैध सत्यापन के फर्जी बिल–वाउचर लगाकर कई लाख रुपये का भुगतान पास कराया गया है।
सूत्रों का कहना है कि जिन भुगतानों को स्वीकृति दी गई, उनमें ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव के हस्ताक्षर अथवा सत्यापन की वैधानिक प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। इसके बावजूद भुगतान दर्शाया गया, जिससे पूरे वित्तीय लेन-देन पर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारियों के मुताबिक संबंधित मदों में प्रस्तुत किए गए कई बिल और वाउचर संदेह के घेरे में हैं। प्रथम दृष्टया इन दस्तावेजों में कार्य की वास्तविकता और भुगतान के बीच भारी अंतर पाया जा रहा है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला सरकारी धन के दुरुपयोग और अभिलेखीय फर्जीवाड़े की श्रेणी में आएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत के विकास कार्यों में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही और अभिलेखों के आधार पर ही धन निकासी की गई। इस प्रकरण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है और निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।
इस पूरे मामले को लेकर संबंधित विभाग से अपेक्षा की जा रही है कि पंचायत के राजस्व खाते, भुगतान रजिस्टर, बिल-वाउचर और कार्यों की भौतिक जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों पर विधिसम्मत कार्रवाई हो।
समाज तक डिजिटल मीडिया इस प्रकरण से जुड़े दस्तावेजों और तथ्यों की पड़ताल कर रहा है। जल्द ही पूरे मामले से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट प्रकाशित की जाएगी।
✍️ समाज तक डिजिटल मीडिया
संपादक: विजय प्रताप सिंह
🌐 www.samajtak.com

