👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिंझेश्वर धाम मंदिर से विशालकाय घंटे चोरी: परिसर में जुआरियों का डेरा, सुरक्षा पर खड़े हुए गंभीर सवाल

​विशेष संवाददाता | समाज तक न्यूज़

​गुरबख्शगंज (रायबरेली): थाना गुरबख्शगंज क्षेत्र अंतर्गत बांदा-बहराइच मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध बिंझेश्वर धाम मंदिर में बीती रात दुसाहसी चोरों ने सेंध लगाकर विशालकाय घंटों पर हाथ साफ कर दिया। गोझरी ग्राम पंचायत में बाबू बी.एस. इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन (डिग्री कॉलेज) के ठीक सामने स्थित इस ऐतिहासिक मंदिर से हुई चोरी की वारदात के बाद से स्थानीय पुलिस-प्रशासन की मुस्तैदी और गश्त पर गहरे सवाल उठ रहे हैं।

​दिन में जुआ और नशा, रात में चोरी

​स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, थाना परिसर से महज 4 किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह मंदिर परिसर असामाजिक तत्वों का अड्डा बनता जा रहा है। आरोप है कि परिसर में दिनभर बेखौफ होकर जुआरियों की महफिल जमती है और मंदिर के दानपात्र के पैसों से ही शराब व गांजे का बंदोबस्त किया जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि दबंगई और धमकी के खौफ से कोई खुलकर विरोध नहीं कर पाता। महज 15 दिन पूर्व गांव में हुई पुलिसिया कार्रवाई के बावजूद मंदिर प्रांगण में अवैध गतिविधियों का बेखौफ जारी रहना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है।

​प्रशासन से चुभते सवाल:

​गश्त में चूक: थाना परिसर से मात्र 4 किलोमीटर दूर स्थित विख्यात मंदिर से भारी-भरकम घंटे चोरी हो गए और पुलिस को भनक तक नहीं लगी?

​CCTV और साक्ष्य: क्या मंदिर परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच कर चोरों की पहचान शुरू की गई है?

​अवैध गतिविधियों पर चुप्पी: लगातार शिकायतों के बावजूद मंदिर प्रांगण को जुआरियों और नशेड़ियों के चंगुल से मुक्त कराने के लिए अब तक कड़े कदम क्यों नहीं उठाए गए?

​ग्रामीणों का आक्रोश

​घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने उच्च अधिकारियों से मौके का निरीक्षण करने, CCTV फुटेज खंगालने तथा चोरी गए घंटों की अविलंब बरामदगी की मांग की है। समाज तक न्यूज़ प्रशासन का ध्यान इस गंभीर मामले की ओर आकर्षित कर रहा है ताकि आस्था के इस केंद्र की गरिमा और सुरक्षा बहाल हो सके। अब देखना यह होगा कि गुरबख्शगंज पुलिस कितनी जल्द इन अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाती है।

Samaj Tak
Author: Samaj Tak

Leave a Comment