करोड़ों की सरकारी भूमि बेचने की साजिश उजागर, डीएम के आदेश पर शुरू हुई जांच
रायबरेली, लालगंज | 13 जून 2026
रायबरेली जनपद के लालगंज नगर स्थित ऐतिहासिक राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की करोड़ों रुपये मूल्य की सरकारी भूमि को कथित रूप से फर्जी इकरारनामे के माध्यम से बेचने के प्रयास का मामला सामने आने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार जिला योजना समिति सदस्य राजेन्द्र सूर्यवंशी ने जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया है कि गाटा संख्या-4 स्थित विद्यालय परिसर की भूमि का 22 मई 2026 को बिना वैध स्वामित्व एवं कब्जे के इकरारनामा कर बिक्री का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि यह भूमि वर्षों से शैक्षणिक उपयोग में है और यहां हजारों छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर चुकी हैं।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि विवादित इकरारनामे में परिसर में स्थित भवन, मंदिर, कुआं, पेड़ तथा बाउंड्रीवाल जैसी स्थायी संपत्तियों का उल्लेख तक नहीं किया गया। साथ ही करीब तीन करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की भूमि का मूल्य मात्र दस लाख रुपये दर्शाकर राजस्व को नुकसान पहुंचाने तथा स्टांप शुल्क की चोरी का प्रयास किया गया।
मामले की जानकारी जिलाधिकारी तक पहुंचने के बाद उन्होंने उपजिलाधिकारी एवं उपनिबंधक लालगंज को विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अभिलेखों की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय नागरिकों एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से विवादित इकरारनामे को निरस्त करने, भूमि की किसी भी प्रकार की रजिस्ट्री पर तत्काल रोक लगाने तथा पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल प्रशासनिक जांच जारी है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
रिपोर्ट : समाज तक न्यूज़, रायबरेली
वेबसाइट : www.samajtak.com

