👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

400 पुलिस कर्मियों के तबादले के बीच पत्नी के ट्रांसफर को लेकर सुनील शुक्ला ने उठाए सवाल

रायबरेली। जिले में हाल ही में हुए लगभग 400 पुलिस कर्मियों के तबादलों के बीच एक मामला चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर विभागीय व्यवस्थाओं और कथित भ्रष्टाचार के मुद्दों को उठाने वाले निलंबित सिपाही सुनील कुमार शुक्ला ने अपनी पत्नी के तबादले को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

सुनील शुक्ला का कहना है कि उनकी पत्नी, महिला कांस्टेबल सुधा द्विवेदी, जो लंबे समय से हरचंदपुर थाने में तैनात थीं, उनका गुरुबक्शगंज स्थानांतरण किया गया है। उन्होंने इस तबादले को व्यक्तिगत उत्पीड़न से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया है।

हालांकि विभागीय स्तर पर यह तर्क दिया जा रहा है कि जिले में बड़े पैमाने पर तबादले किए गए हैं और यह एक नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है। जानकारी के अनुसार केवल सुधा द्विवेदी ही नहीं, बल्कि अन्य पुलिस कर्मियों के भी स्थानांतरण किए गए हैं।

मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से भी बातचीत और पक्ष रखने का अवसर दिए जाने की बात सामने आई है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि यदि किसी कर्मचारी को स्थानांतरण से संबंधित कोई आपत्ति है तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष प्रस्तुत कर सकता है।

वहीं सुनील शुक्ला का कहना है कि उन्होंने हमेशा जनहित और विभागीय मुद्दों को उठाने का कार्य किया है और उनकी पत्नी का तबादला उसी क्रम में देखा जाना चाहिए। हालांकि इस संबंध में विभाग की ओर से किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है कि तबादले का संबंध किसी व्यक्तिगत विवाद या शिकायत से है।

अब यह मामला सोशल मीडिया से निकलकर जनचर्चा का विषय बन गया है। लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विभाग और सुनील शुक्ला के बीच होने वाली आगामी बातचीत के बाद क्या स्थिति स्पष्ट होती है।

समाज तक न्यूज़ 🌐 www.samajtak.com⁠

रिपोर्ट: विजय प्रताप सिंह, संपादक

समाज तक न्यूज़ पोर्टल

📞 7985475246

Samaj Tak
Author: Samaj Tak

Leave a Comment