
कानपुर में नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, ड्रोन निगरानी में 75 घरों पर छापेमारी, मचा हड़कंप
कानपुर। शहर के किदवईनगर थाना क्षेत्र स्थित कंजड़नपुरवा में लंबे समय से फल-फूल रहे कथित नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रोन स्ट्राइक अभियान चलाया। पांच थानों की संयुक्त पुलिस फोर्स ने बस्ती को चारों तरफ से घेरकर करीब 75 घरों में छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा गांजा भी बरामद किया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। करीब 150 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ड्रोन कैमरों से निगरानी करते हुए एक-एक घर की तलाशी ली गई। वर्षों से नशे के कारोबार को लेकर चर्चाओं में रहे इस क्षेत्र में अचानक हुई कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से नशे का अवैध नेटवर्क सक्रिय रहा है, जिसने कई युवाओं का भविष्य बर्बाद किया है। लोगों का यह भी कहना है कि नशे के इस काले कारोबार में महिलाओं और नाबालिग बच्चों तक का इस्तेमाल किए जाने की चर्चाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि क्षेत्र में लंबे समय से नशे का कारोबार संचालित हो रहा था तो आखिर जिम्मेदार तंत्र की नजर अब तक इस पर क्यों नहीं पड़ी? आखिर कितने युवा नशे की गिरफ्त में गए, कितने परिवार तबाह हुए और कितनी पीढ़ियां इस जहरीले कारोबार की चपेट में आईं? यह सवाल अब आम जनता भी पूछ रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई सिर्फ शुरुआत है। नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने, सप्लाई चेन की पहचान करने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की प्रक्रिया जारी रहेगी। हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए मांग की है कि इस तरह के अभियान नियमित रूप से चलाए जाएं ताकि नशे के कारोबार को जड़ से समाप्त किया जा सके। उनका कहना है कि केवल एक दिन की छापेमारी नहीं, बल्कि लगातार और कठोर कार्रवाई ही इस समस्या का स्थायी समाधान बन सकती है।
समाज तक मीडिया
रिपोर्ट: विजय प्रताप सिंह
कानपुर नगर

