
रेलवे ट्रैक पर लहूलुहान अवस्था में मिली गौमाता, विश्व सनातन सेना और गौ रक्षा दल की तत्परता से बची जान
रायबरेली। जनपद रायबरेली में मानवता और गौसेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब मधुबन क्रॉसिंग से अयोध्यापुरी की ओर जाने वाले रेलवे ट्रैक के बीच एक गौमाता गंभीर रूप से घायल एवं लहूलुहान अवस्था में पड़ी मिली। घटना की सूचना मिलते ही विश्व सनातन सेना और गौ रक्षा दल के कार्यकर्ता तत्काल सक्रिय हो गए और गौमाता के उपचार एवं सुरक्षा के लिए प्रयास शुरू कर दिए।
जानकारी के अनुसार, विश्व सनातन सेना के जिला प्रचारक गंगाराम यादव ने घटना की सूचना संगठन के प्रदेश प्रभारी संजयानन्द महाराज को दी। सूचना प्राप्त होते ही प्रदेश प्रभारी ने संगठन के विधिक सलाहकार रमेश कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई।
घायल गौमाता की गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी रायबरेली से संपर्क किया गया। विधिक सलाहकार रमेश कुमार श्रीवास्तव की पहल पर पशु चिकित्सा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही मिनटों में चिकित्सकीय टीम को मौके पर भेज दिया। पशु चिकित्सकों ने पहुंचकर गौमाता का उपचार प्रारंभ किया।
घटना की जानकारी जीआरपी पुलिस को भी दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक सहयोग प्रदान किया। स्थानीय क्षेत्रवासियों ने भी सराहनीय भूमिका निभाते हुए घायल गौमाता को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में सहयोग किया। उपचार के उपरांत गौमाता को रेलवे ट्रैक से हटाकर सुरक्षित किनारे पहुंचाया गया, जिससे किसी संभावित दुर्घटना को टाला जा सका।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने आश्वासन दिया कि गौमाता के पूर्ण स्वस्थ होने तक विभागीय कर्मचारी नियमित रूप से उसका उपचार एवं देखभाल करेंगे।
इस दौरान विश्व सनातन सेना के प्रदेश प्रभारी संजयानन्द महाराज, विधिक सलाहकार रमेश कुमार श्रीवास्तव, जिला प्रचारक गंगाराम यादव, गौ रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष अमरेश पाल सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने विश्व सनातन सेना, गौ रक्षा दल, पशु चिकित्सा विभाग एवं जीआरपी पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय पर किए गए प्रयासों से एक बेजुबान जीव का जीवन बचाया जा सका। यह घटना समाज में गौसंरक्षण, मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायक संदेश देती है।
रिपोर्ट: विजय प्रताप सिंह
समाज तक न्यूज़ | www.samajtak.com

