👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

श्रावण मास और कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उच्चस्तरीय समीक्षा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा एवं विभिन्न पर्वों की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा, जनसुविधाओं तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा में शामिल प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। साथ ही सौहार्द बिगाड़ने, अफवाह फैलाने, खाद्य पदार्थों में मिलावट करने, ओवररेटिंग एवं अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने मेरठ जोन की कार्ययोजना को प्रदेश के सभी पुलिस जोनों के साथ साझा करने के निर्देश दिए, ताकि पूरे उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा के दौरान एक समान और प्रभावी व्यवस्था लागू की जा सके। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को कांवड़ संघों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने, शिविर संचालकों का समयबद्ध सत्यापन कराने तथा हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तराखंड के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कांवड़ की निर्धारित ऊंचाई का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्गों को पूरी तरह सुरक्षित और सुगम बनाने पर जोर देते हुए क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस एवं मदिरा की दुकानें बंद रहें। खाद्य पदार्थों में मिलावट, गंदगी और ओवररेटिंग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं होगी। प्रत्येक दुकान पर संचालक का नाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए तथा डीजे की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन से चौबीसों घंटे निगरानी रखने तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली फर्जी एवं भ्रामक सूचनाओं का तत्काल खंडन कर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए मुख्यमंत्री ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, संभावित बाढ़ एवं कटान प्रभावित क्षेत्रों में अग्रिम तैयारियां पूरी रखने तथा स्थानीय प्रशासन को लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अगले दो से तीन दिनों के भीतर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर शासन की योजनाओं एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा करने तथा उनके सुझावों के आधार पर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने राजस्व वादों के समयबद्ध निस्तारण पर बल देते हुए कहा कि चकबंदी से संबंधित जनसमस्याओं का समाधान पूरी निष्पक्षता और मेरिट के आधार पर किया जाए, ताकि ऐसे विवाद सामाजिक सौहार्द को प्रभावित न करें। साथ ही उन्होंने विद्युत वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) को ओवर बिलिंग की शिकायतों का तत्काल समाधान करने तथा प्रत्येक उपभोक्ता से उसके वास्तविक बिजली उपभोग के अनुसार ही बिल वसूलने के निर्देश भी दिए।

Samaj Tak
Author: Samaj Tak

Leave a Comment