👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच, जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक में लिए गए अहम निर्णय

रायबरेली। जनपद में खेल गतिविधियों को नई गति देने तथा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में खेलों के विकास, खिलाड़ियों के हितों की सुरक्षा एवं खेल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने, खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी उद्देश्य से प्रदेश एवं जनपद स्तर पर खेल विकास एवं प्रोत्साहन समितियों का गठन किया गया है, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ा जा सके।

बैठक में जनपद के तरणताल (स्विमिंग पूल) के संचालन को और अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए एक जीवन रक्षक (लाइफगार्ड) तथा दो श्रमिकों की नियुक्ति एवं उनके मानदेय निर्धारण पर सहमति व्यक्त की गई। साथ ही आधुनिक जिम के सुचारु संचालन हेतु एक प्रशिक्षित जिम ट्रेनर की नियुक्ति और मानदेय तय करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

खेल प्रशिक्षण शिविरों की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय तथा अंशकालिक प्रशिक्षकों की उपस्थिति दर्ज करने हेतु बायोमैट्रिक प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए जिला क्रीड़ा कार्यालय में बायोमैट्रिक व्यवस्था स्थापित की जाएगी।

बैठक में समिति के आय-व्यय का प्रतिवर्ष चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) द्वारा ऑडिट कराए जाने तथा वित्तीय पारदर्शिता बनाए रखने के लिए भुगतान संबंधी प्रक्रियाओं में आयकर एवं जीएसटी कटौती तथा उसकी नियमित फाइलिंग सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समिति द्वारा लिए गए निर्णयों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनपद में खेलों का समग्र विकास हो और अधिक से अधिक युवा खेल गतिविधियों में सहभागिता कर सकें।

बैठक में जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी धीरेन्द्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

समाज तक न्यूज़ “खेलों को मिलेगा बढ़ावा, खिलाड़ियों को मिलेंगी बेहतर सु विधाएं”

Samaj Tak
Author: Samaj Tak

Leave a Comment