रायबरेली जनपद के लालगंज कोतवाली में तैनात रहे संजय कुमार सिंह का हाल ही में गुरबक्शगंज थाना में तबादला किया गया है। लालगंज क्षेत्र में उनके कार्यकाल के दौरान अपराध—चोरी, लूट, छीना-झपटी—लगातार बढ़ते रहे। आमजन, खासकर व्यापारियों और ग्रामीणों ने कई बार प्रदर्शन कर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की, लेकिन अपराधों पर अंकुश नहीं लग सका।
अब सवाल यह उठता है कि जब लालगंज कोतवाली जैसे प्रमुख क्षेत्र में अपराध नियंत्रण में वे असफल रहे, तो क्या गुरबक्शगंज थाना में बेहतर परिणाम दे पाएंगे? यह बदलाव क्या सिर्फ कुर्सी का है या कर्तव्य का भी?
समाज तक मीडिया इस विषय को केवल स्थानांतरण की सामान्य खबर नहीं मानता। यह बदलाव जनता की सुरक्षा और भरोसे से जुड़ा मसला है। संजय कुमार सिंह का नया कार्यक्षेत्र अब गुरबक्शगंज है—एक इलाका जो अपने सामाजिक सौहार्द और ग्रामीण जुड़ाव के लिए जाना जाता है, लेकिन हालिया दिनों में यहां भी अपराध सिर उठाने लगे हैं।
जनता का सवाल साफ है: क्या अबकी बार संजय सिंह अपराधियों पर सख्ती दिखा पाएंगे, या फिर गुरबक्शगंज में भी हालात लालगंज जैसे ही बनेंगे?
समाज तक मीडिया यह साफ कर देना चाहता है कि हम न किसी के पक्ष में हैं न विपक्ष में, पर जनता के सवालों को सामने रखने से कभी पीछे नहीं हटेंगे। गुरबक्शगंज की जनता अब सिर्फ वर्दी नहीं, कर्तव्य और कर्म की प्रतीक्षा कर रही है।
समाज तक मीडिया – जहां समाज की आवाज़ सबसे ऊपर है।
✍️प्रबंध निदेशक – विजय प्रताप सिंह
