
UPITS-2026 की तैयारियों की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की समीक्षा, वैश्विक व्यापार मंच के रूप में स्थापित करने पर जोर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS)-2026 की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि UPITS-2026 उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, नवाचार, उत्पादों तथा निर्यात सामर्थ्य को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। यह केवल एक व्यापार प्रदर्शनी नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेक फॉर द वर्ल्ड’ के विजन को आगे बढ़ाने वाला वैश्विक आयोजन है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 25 से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले इस ट्रेड शो का देश-विदेश में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इस वर्ष आयोजन की थीम “UP for Global Growth: Innovation, Manufacturing and Exports” निर्धारित की गई है।
सरकार का लक्ष्य है कि इस आयोजन में 2,400 से अधिक प्रदर्शक, 1.50 लाख से अधिक B2B खरीदार, 4.50 लाख से अधिक B2C आगंतुक तथा 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार भाग लें। साथ ही 4,000 से अधिक एमओयू, ₹3,200 करोड़ से अधिक के प्रस्तावित एमओयू तथा ₹13,500 करोड़ से अधिक की बिजनेस इंक्वायरी का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने सिंगापुर, ओमान, ऑस्ट्रिया, ब्राजील, थाईलैंड, जापान, इंडोनेशिया, रूस सहित विभिन्न देशों के साथ सक्रिय संवाद स्थापित कर उनकी अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की औद्योगिक एवं आर्थिक शक्ति को एक ही मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाए।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, उद्यमियों एवं आगंतुकों की सुविधा के लिए उद्यमी मित्रों की तैनाती, स्थानीय विश्वविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों की सहभागिता, बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं तथा ईवी बसों के संचालन की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति, निवेश अनुकूल वातावरण एवं वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रभावी परिचायक बने।
खबर स्रोत:
www.samajtak.com
www.samajtakfoundation.org
📢 समाज तक फाउंडेशन की सदस्यता प्राप्त करें।
अपनी ऑनलाइन मेंबरशिप के लिए www.samajtakfoundation.org पर विजिट करें और तुरंत डिजिटल सदस्यता आईडी कार्ड एवं प्रमाण पत्र प्राप्त करें। :::

